Sunday, April 12, 2009

किसकी होगी अगली सरकार उर्फ आईए चुनाव-चुनाव खेलते हैं..



शायद इस सवाल का जबाव हम सब (एक अरब से ज्यादा भारतीय) जानना चाहते हैं .. कौन बनाएगा सरकार .. किसके हाथ आएगी दिल्ली की गद्दी ? इस का उत्तर जानने की जल्दी हमारे नेताओं के अलावा शायद हमारे मीडिया (प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक दोनों को) है। काश ! कि कोई अलादीन का चिराग होता, हम रगड़ते .. एक जिन्न निकलता .. हम पूछते और वो कहता अभी लो मेरे आका .. फिर हमारे सामने होते 2009 के आम चुनावों के नतीजे और सरकार के मुखिया का नाम ।

तो इस सवाल का जबाव जानने की कोशिश सभी कर रहे हैं और जाहिर तौर पर मैं भी उनसे अलग नहीं हूं। अपनी राजनीतिक समझ के अनुसार मैंने भी चुनावी नतीजों का एक अनुमानित परिदृश्य तय किया है .. चाहे तो इसे आप मेरी भविष्यवाणियां भी कह सकते हैं।

खैर पहले मेरे अनुमान और फिर अपना विश्लेषण आपके सामने रखूंगा :

चुनावी नतीजे - 2009

राजनीतिक दल

अनुमानित सीटें

भाजपा

130-135

कांग्रेस

120-130

बसपा

40-44

माकपा

28-31

अन्नाद्रमुक

20-22

तेलुगूदेशम

16-18

जनता दल (यूनाइटेड)

16-18

समाजवादी पार्टी

16-17

राष्ट्र्वादी कांग्रेस पार्टी

14-15

शिव सेना

13-14

बीजू जनता दल

11-12

राष्ट्रीय जनता दल

08-09

तेलंगाना राष्ट्र समिति

06-08

शिरोमणि अकाली दल

05-06

असम गण परिषद

05-06

प्रजा राज्यम्

06-09

भाकपा

05

द्रमुक

04-05

पीएमके

04-05

एमडीएमके

03-04

लोक जनशक्ति पार्टी

03-04

झारखंड मुक्ति मोर्चा

03-04

इंडियन नेशनल लोक दल

03-04

तृणमूल कांग्रेस

05-07

जनता दल (सेक्यूलर)

02-03

ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक

03

आरएसपी

03

नेशनल कॉन्फ्रेंस

03

राष्ट्रीय लोक दल

03-04

पीडीपी

01


ये एक विस्तृत विश्लेषण के आधार पर है। संक्षेप में ये कि इनका आधार राज्यवार है और मुझे लगता है कि राज्यों के अपने मुद्दे इस बार के चुनावों में भी सबसे बड़ी भूमिका निभाएंगे। मतलब ये कि जल-जोरू-जमीन या बिजली-सड़क-पानी .. जैसे भी आप समझना चाहें, समझ लें। आतंकवाद .. मंदी जैसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का असर तो होगा लेकिन बहुत-थोड़ा। मतलब ये इन्द्रधनुषी नतीजे बहुत मजेदार गुल खिला सकते हैं।


भाजपा या कांग्रेस में से किसी को भी 135 से ज्यादा सीटें नहीं मिलने वाली हैं और इसका मतलब ये कि 16 मई से अगले पंद्रह दिनों तक कई तरह के राजनीतिक परिवर्तन होंगे। एक-दूसरे को गाली देने वाली पार्टियां गलबहियां डाले घूमेंगी और गलबहियां डाले घूम रही पार्टियां अखाड़े में एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोकतीं नजर आ सकती हैं।


मतलब ये कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार या पीएम इन वेटिंग (ये अच्छा व्यंग्य भाजपा ने अपने सर्वकालिक महान नेता के साथ किया है) लालकृष्ण आडवाणी का सपना सपना ही बना रह सकता है। प्रधानमंत्री की कुर्सी के साथ आडवाणीजी की धूप-छांह बरकरार ही रहने वाली है। लालूजी के शब्दों में कहें तो आडवाणीजी राज कैसे करिहें, जब उनके हाथ में राजयोग ही नहीं है


मेरा तो ये भी मानना है कि इन इन्द्रधनुषी नतीजों का अनुमान कांग्रेस ने भी लगा लिया है। और शायद इसी वजह से युवराज राहुल गांधी की ताजपोशी का ऐलान इस बार के चुनावों में नहीं किया गया। मतलब ये भी कि बिहार और उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला और इन-इन राज्यों में खोई जमीन फिर पाने के लिए संघर्ष का रास्ता इसीलिए अख्तियार किया गया।


अब चाहे इसे कांग्रेस पार्टी ने भांपा हो या फिर उसके युवराज ने, लेकिन मुझे लगता है कि इस बार के चुनावों से ही कांग्रेस ने अगले चुनावों (2011 या उसके बाद कभी भी) की तैयारी भी शुरू कर दी है। इस बार के अनुमानित खिचड़ी नतीजों के चलते ऐसा लगता है कि कांग्रेस के रणनीतिज्ञ ये मानते हैं कि इस बार की सरकार 2 साल से ज्यादा नहीं चलने वाली। ऐसे में अगर युवराज की ताजपोशी करनी है तो जमीन अभी से तैयार करनी होगी।


तो इस बार के अनुमानित खिचड़ी बहुमत के चलते 1996 की देवेगौड़ा सरकार जैसा प्रयोग दुहराया जाने वाला है। इस बार भी कोई ऐसा नाम सामने आ सकता है जिसकी हम उम्मीद नहीं कर रहे। और ये नाम किसी का भी हो सकता है .. शरद पवार, मायावती, नवीन पटनायक, नीतिश कुमार या कोई और ..। नाम का अनुमान लगाना तो लगभग असंभव है और शायद भारतीय राजनीति की यही खूबी है। 16 मई के बाद क्या होगा, इसके लिए अभी से खून क्यों जलाएं .. वो भी तब जब एक भी वोट नहीं डाले गए हों।


हां, कुछ अनुमान जरूर लगाए जा सकते हैं। मसलन ऐसी खिचड़ी नतीजों के बाद, भाजपा विरोध के नाम पर सभी गैर कांग्रेस पार्टियां एक जुट हो सकती हैं या भाजपा को समर्थन देने से इनकार कर सकती हैं। ऐसे में, शायद भाजपा का सरकार बनाने का सपना अधूरा ही रह जाय। या फिर भाजपा छोटी पार्टियों की सरकार को बाहर से समर्थन दे। या फिर 1996 में बनी बसपा-भाजपा की उत्तर प्रदेश का प्रयोग दुहराया जाय .. मतलब ये कि एक साल के लिए प्रधानमंत्री तुम्हारा हो, फिर एक साल के लिए प्रधानमंत्री हमारा हो टाइप।


हालांकि मुझे सबसे ज्यादा संभावना इस बात की लगती है कि जो सरकार बनेगी उसमें कांग्रेस और वामपंथी दल, दोनों बड़ी भूमिका निभाएंगे। भूमिका ही नहीं निभाएंगे बल्कि दोनों साथ भी आएंगे और सरकार में अपने लिए बड़े रोल के लिए सौदेबाजी भी करेंगे। मतलब ये कि भानुमति का कुनबा यानी तीसरा मोर्चा (कांग्रेस, भाजपा के अलावा बाकी के दल) कांग्रेस से सौदेबाजी करेगा। ऐसा हो सकता है कि तीसरा मोर्चा कांग्रेस से कहे कि यूपीए सरकार में हमने आपका प्रधानमंत्री देख लिया, अब हमारी बारी है। कांग्रेस से ये कहा जा सकता है कि हमारे प्रधानमंत्री को आप समर्थन दें और हमारी सरकार में आप भी शामिल हों जाय .. या चाहें तो बाहर से ही समर्थन दें पर प्रधानमंत्री हमारा ही होगा। सबसे ज्यादा संभावना इस बात की है कि कांग्रेस सरकार में शामिल होगी और कुछ बड़े मंत्रालयों के लिए सौदेबाजी करेगी (गठबंधन के सबसे बड़े दल के नाते)। 


इतना ही नहीं, वामपंथी दल भी 1996 की ऐतिहासिक भूल नहीं दुहराएंगे और सरकार में शामिल हो जाएंगे। जाहिर तौर पर इनमें मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के लोग भी होंगे। ऐसा मुमकिन होगा .. माकपा महासचिव प्रकाश करात साहब के धुरजोर विरोध के बावजूद ऐसा होगा। मेरा अनुमान ये है कि केरल में वामपंथियों को करारी शिकस्त मिलने वाली है और उनकी ज्यादातर सीटें पश्चिम बंगाल से ही आने वाली हैं। ऐसे में माकपा की बंगाल लॉबी करात के विरोध पर भारी पड़ सकती है। ये भी हो सकता है कि बुद्धदेव भट्टाचार्य को प्रधानमंत्री बनाने के नाम पर आम सहमति बन जाय और दो अलग-अलग ध्रुवों पर खड़े कांग्रेस और वामदल साथ-साथ आ जाएं।


मुझे तो ये भी लगता है कि प्रधानमंत्री बनने की हर संभव कोशिशों के बावजूद मायावती की दूरी इस गद्दी से अभी बरकरार रहेगी। 40-44 सीटों के बावजूद ऐसा हो सकता है क्योंकि मायावती ब्रांड की राजनीति को इतनी जल्दी अगर प्रधानमंत्रित्व दे दिया गया तो कई दलों की दुकानदारी बंद हो सकती है या ज्यादा सभ्य शब्दों में कहें तो उनके अस्तित्व पर संकट आ सकता है।


शरद पवार जैसे नेताओं के लिए तो ये चुनाव जीवन-मरण की तरह हैं और अभी नहीं तो कभी नहीं वाली बात है। उम्र उनके खिलाफ है और शायद ये उनके लिए आखिरी मौका है। तो इस देश की सबसे बड़ी गद्दी पाने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं (या फिर हार मान लें और जितना मिल रहा है, उतने पर ही संतोष कर लें)। हालांकि इनके नाम पर आमसहमति बनने के आसार कम ही दिखते हैं।


लालूजी-पासवानजी जैसे नेता अपनी-अपनी करते रहेंगे और केंद्र में बनने वाली सरकार में मंत्री बने रहेंगे। हां, उनकी सौदेबाजी की ताकत यूपीए सरकार के दिनों वाली नहीं रहेगी।


तो मुलायम सिंह यादव कहां होंगे? ये लाख टके का सवाल है क्योंकि नई सरकार में मायावती की बड़ी भूमिका हो सकती है। ऐसे में मुलायम का रोल केंद्र में बनने वाली सरकार में क्या होगा, ये कहना बहुत मुश्किल है। लेकिन ये भी बात है कि संयुक्त मोर्चा सरकार के बाद से मुलायम केंद्र की सरकार से बाहर हैं .. और इस बार तो उत्तर प्रदेश से भी बाहर हैं। ऐसे में केंद्र में एक सार्थक भूमिका की तलाश मुलायम को है और इसीलिए उनकी भूमिका का अनुमान लगाना बहुत मुश्किल है।


नीतिश जैसे नेता तो शायद अभी अपनी बारी आने का इंतजार करेंगे और इतनी जल्दी अपने पत्ते खोलने से परहेज करेंगे। मुझे काफी समय से ये लगता रहा है कि नीतिश बिना धीरज खोये लंबे संघर्ष की तैयारी कर रहे होते हैं, वो भी बिना किसी शोर-गुल के। तो प्रधानमंत्रित्व के लिए अपना दावा भी वो समय आने पर ही करेंगे .. शायद 2011 या उसके बाद होने वाले चुनावों के दौरान।


मुझे तो नवीन पटनायक भी लंबी रेस के घोड़े लगते हैं। भाजपा का दामन छोड़ने के बावजूद भी वो अपने पत्ते इतनी जल्दी नहीं खोलेंगे और उचित समय का इंतजार करेंगे। तब तक के लिए केंद्र में कुछ मंत्रालयों की गद्दी से उन्हें ऐतराज नहीं दिखता।


लेकिन जैसा मैं लगातार कह रहा हूं कि ये सब राजनीतिक गणित है और इनका अनुमान लगाना, बेवजह अपना खून जलाने जैसा है। तो हम सबों को 16 मई और उसके बाद पंद्रह दिनों तक चलने वाले तमाशे का इंतजार करना चाहिए। उस समय के राजनीतिक दोस्त-दुश्मन-समीकरण बड़े चौंकाने वाले हो सकते हैं।


एक आखिरी बात और .. मैं ना तो राजनीतिज्ञ हूं, ना ही कोई चुनाव विश्लेषक और मेरे अनुमान सौ फीसदी गलत भी हो सकते हैं। शायद मुझे इस बात से ज्यादा खुशी होगी, अगर कोई ऐसी सरकार बने जो पांच साल चले (मतलब ये कि उसके केंद्र में भाजपा या कांग्रेस हो)। मंदी के इस दौर में देश में राजनीतिक स्थिरता की जरूरत है, ताकि प्रगति के पथ पर उठे हमारे कदम आगे बढ़ते रहें।


लेकिन आम भारतीय जनमानस को हल्के में हमें नहीं लेना चाहिए। जो भी दल ऐसा करता है, करेगा .. उसका 'भारत अस्त' हो जाएगा। आखिरकार इसी जनता ने इंदिरा गांधी जैसी सर्वशक्तिमान और शायद आजाद भारत की अब तक की सबसे ताकतवर नेता को भी धूल चटा दी थी। इसलिए जय उसकी होगी/होनी चाहिए जो जनता के बीच जाएगा .. जनता के लिए काम करता दिखेगा .. जल-जोरू-जमीन के लिए संघर्ष करेगा, चाहे उसका राजनीतिक आधार या पार्टी जो भी हो। तो 16 मई तक इंतजार कीजिए, एक सरप्राइज पैकेज आने वाला है।

Saturday, April 4, 2009

सीताराम येचुरी .. हमारे नए वित्त मंत्री ?


मैं मजाक नहीं कर रहा हूं .. चुनावी गतिविधियों को देखने के बाद मुझे तो ऐसा ही लगता है कि सीताराम येचुरी हमारे नए वित्त मंत्री बन सकते हैं।

क्यों ? इसलिए क्योंकि हमने मुख्यधारा की लगभग सभी पार्टियों को सरकार में देख लिया है, प्रधानमंत्री या दूसरे मंत्रियों के रूप में देख लिया है। एक बस वाम दल ही केंद्रीय सरकार में नहीं आए (1996 की संयुक्त मोर्चा सरकार को छोड़ कर, जिसमें कॉमरेड इंद्रजीत गु्प्त और चतुरानन मिश्र मंत्री बने थे थोड़े समय के लिए)।

इसलिए भी कि येचुरी साहब के बड़े जबरदस्त ख्यालात हैं .. अर्थव्यवस्था के बारे में, मंदी से निपटने के बारे में .. ।
जरा उनके चुनावी घोषणापत्र पर नजर डालिए .. मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी अपने घोषणापत्र के पृष्ठ 10 पर कहती है कि अगर भारतीय वित्तीय संस्थान मंदी के इस दौर में भी सुरक्षित बचे हैं तो इसका श्रेय उन्हें जाता है। उन्हें इसलिए क्योंकि उन्होंने वर्तमान यूपीए सरकार को वित्तीय संस्थानों में फेरबदल करने से रोका, उन्हें स्वायत्तता देने, उन्हें निजीकरण से बचाया .. वगैरह..वगैरह..।

माकपा के घोषणापत्र का सबसे मजेदार हिस्सा है घरेलू वित्तीय संस्थानों पर नकेल कसने के संबंध में (पृष्ट 15/माकपा घोषणापत्र)। इसके बारे में मेरे एक मित्र का कहना है कि अगर इन सुझावों को मान लिया जाय तो 1991 से चल रही नई आर्थिक नीति को हम सिर के बल खड़ा कर देंगे।
माकपा के घोषणापत्र का एक और मजेदार हिस्सा है जहां वो घरेलू धनकुबेरों पर नए टैक्स लगाने की बात करते हैं। इस संबंध में मैंने कुछ दिनों पहले येचुरी साहब को एक टीवी चैनल पर अपना पक्ष बयान करते सुना .. क्या ईमानदारी थी और कितने प्रतिबद्ध वो लग रहे थे ..। ईमानदारी से कहूं तो इस कार्यक्रम को देखने के दौरान ही ये बात मेरे दिमाग में कौंधी कि येचुरी साहब हमारे नए वित्त मंत्री बन सकते हैं।
ये भी सवाल मन में गूंजा कि भारत कैसा लगेगा जब भारत के वित्त मंत्री सीताराम येचुरी जैसे एक वामपंथी नेता होंगे? जरा इस सवाल के जबाव को टटोल कर देखिए ..।
ऐसे क्यों सीताराम येचुरी हमारे नए वित्त मंत्री बन सकते हैं .. इसके पक्ष में मेरे पास एक और कारण है ..।
चुनावों में दिलचस्पी मेरी भी है और चुनावी विश्लेषकों की इस भीड़ से मैं भी अलग नहीं हूं। मैंने भी चुनावों के नतीजे का एक खाका तय किया है, मेरी अपनी भविष्यवाणियां हैं और उनके आधार पर मैं ये कहना चाहता हूं कि हमारे अगले प्रधानमंत्री भाजपा या कांग्रेस से नहीं होंगे .. वे किसी तीसरे ही दल के नेता/नेत्री होंगे और आने वाली सरकार भी एक खिचड़ी सरकार होगी, गठबंधन सरकार होगी। ये हो सकता है कि इस सरकार को भाजपा बाहर से समर्थन दे या फिर कांग्रेस समर्थन भी दे और सरकार का हिस्सा भी बन जाए। लेकिन इन दोनों पार्टियों की सरकार तो नहीं ही बनने जा रही है। हालांकि इन भविष्यवाणियों के बारे में विस्तार से मैं अगली बार लिखूंगा .. उस बार मैं अपना राज्यवार आंकड़ा दूंगा और नतीजे आने तक इन पर कुछ-न-कुछ लिखता रहूंगा।
खैर, तो विषय पर लौटते हुए .. मेरा मानना है कि अगले सरकार के गठन में भी वाम दलों की बड़ी भूमिका होगी। यहां मैं एक और भविष्यवाणी करना चाहता हूं कि इस बार बनने वाली सरकार में वामदल भी शामिल होंगे, माकपा सहित। जी हां, इस बार वे 1996 की ऐतिहासिक भूल को नहीं दुहराएंगे, जब ज्योति बसु को तीसरे मोर्च ने अपना नेता चुना था, ज्योति दा प्रधानमंत्री बनना भी चाहते थे लेकिन पार्टी (माकपा) ने इसकी मंजूरी नहीं दी थी।
मुझे तो साफ लगता है कि माकपा सहित बाकी वामपंथी पार्टियां इस गलती को फिर से नहीं दुहराएंगी, चाहे जो भी हो जाए। और प्रकाश करात साहब के धुरजोर विरोध के बावजूद ऐसा होगा, ये भी मैं मानता हूं। ऐसा मैं ही नहीं, कई वाम नेता भी मानते हैं। इन नेताओं का ये भी मानना है कि यूपीए सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला भी एक ऐतिहासिक भूल थी। मेरी जानकारी के मुताबिक इस मसले पर माकपा सहित सभी वाम दलों में खासा मतभेद है।
इसलिए अगली सरकार के गठन में हर पार्टी, हर दल अपने लिए सोने की लंका तलाशेगी और जाहिर तौर पर वाम दल भी इसके अपवाद नहीं होंगे। मेरी जानकारी के मुताबिक नई सरकार में शामिल होने के लिए वे वित्त मंत्रालय, शिपिंग, रेलवे और ग्रामीण विकास जैसे मंत्रालयों की मांग कर सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए कि ये वे मंत्रालय जिन्होंने पिछले पांच सालों में माकपा के पश्चिम बंगाल सरकार के लिए सबसे ज्यादा अड़चनें पैदा की।
यहां मैं एक बात और स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं कभी भी वामदलों का समर्थक नहीं रहा हूं। हां, वाममार्गी जरूर हूं लेकिन विद्यार्थी जीवन में मैंने हमेशा वाम दलों की राजनीति का विरोध ही किया है और आज भी उनकी राजनीति का विरोधी हूं। इतना जरूर है कि वामपंथ की कई बातें मुझे लगती हैं कि जीवन में उतारने की जरूरत है या उनके लागू किए जाने से आम आदमी का खासा भला हो सकता है।
तो खैर, विषय पर लौटते हुए .. मुझे लगता है कि पं. बंगाल में वाम दलों को अच्छी-खासी सीटें इस बार भी मिल जाएंगी (पिछली बार से थोड़ी कम) लेकिन केरल में उनका सफाया हो सकता है। मेरे ख्याल से ममता बैनर्जी को इन चुनावों में ठीक-ठाक तवज्जो मिल जाएगी और तृणमूल-कांग्रेस गठबंधन को इस बार पं. बंगाल में 12-13 सीटें मिल सकती हैं। ये बहुत आशावादी दृष्टिकोण है मेरा मतलब ये कि इससे ज्यादा तो नहीं ही मिलेगी। इस मामले में अंग्रेजी के बड़े अखबारों या न्यूज चैनलों से मैं भिन्न दृष्टिकोण रखता हूं। मेरा मतलब ये है कि अंग्रेजी के अखबार बार-बार पं. बंगाल में बदले हुए मौसम की बात कर रहे हैं लेकिन ये वोट में परिवर्तित हो पाएगा, इस पर मुझे शंका है।
मेरी स्पष्ट राय है कि लाख प्रयत्नों के बावजूद ममता दी वाम दलों के बंगाल किले को बहुत हिला नहीं पाएंगी और अकेले माकपा को 20 से ज्यादा सीटें इन चुनावों में बंगाल से मिल सकती हैं।
इन नतीजों के चलते नई सरकार के गठन के दौरान पं. बंगाल अपना हिस्सा मांगेगा और प्रकाश करात अगर अपनी जिद पर अड़े रहे तो महासचिव होने के बावजूद वो पार्टी में अकेले पड़ सकते हैं। मतलब ये कि सरकार के गठन में माकपा के रोल का बड़ा हिस्सा पं. बंगाल के मार्क्सवादी तय करेंगे और केरल में चूंकि उनका सफाया हो चुका होगा, इसलिए केरल लॉबी के समर्थन के बावजूद करात साहब की ज्यादा चलेगी नहीं।
ऐसे में मुझे लगता है कि माकपा की ओर से मंत्री बनने के लिए जो दो सबसे योग्य उम्मीदवार हैं - उनमें सीताराम येचुरी वित्त मंत्री के रूप में और मो. सलीम किसी और मंत्रालय में। चार से ज्यादा माकपा को कोटा नहीं मिलने वाला। लिहाजा बाकी दो नामों पर आप भी जूझिए/भविष्यवाणी कीजिए और मैं भी अपनी किस्मत कुछ दिनों बाद आजमाऊंगा।

Wednesday, December 3, 2008

मुंबई पर आतंकवादी हमला

ये मेरी प्रतिक्रिया का पहला हिस्सा है

मेरे कुछ मित्रों की प्रतिक्रिया -


मित्र 1 (गुस्से से भरा हुआ है बिल्कुल एंग्री यंग मैन की तरह.. कि प्रधानमंत्री या कोई
और नेता मिले तो कच्चा चबा जाए, टाइप से। उसके मुताबिक प्रधानमंत्री राष्ट्र को इस संकट
की घड़ी में कैसे संबोधित करेंगे) --

प्रधानमंत्री (दूरदर्शन पर बोलते हुए): प्यारे देशवासियों, इस संकट की घड़ी में आप अपनी, अपने बीवी-बच्चों-परिवारजनों और सामान की सुरक्षा स्वयं कर लें (जैसे कि रेलवे की एनाउंसर कहती है - यात्रीगण, कृप्या अपनी और अपने सामान की सुरक्षा खुद करें)। हमारे जैसे VVIPs के लिए NSG और SPG है।


मित्र 2 : इस हमले से 3 लोग बड़े खुश हुए होंगे - एक तो वे जिन्होंने ये हमला करवाया, दूसरे भाजपा वाले कि आतंक के सहारे 6 राज्यों में हो रहे चुनावों में उनकी नैया पार लग जाएगी और तीसरे टीवी मीडिया वाले कि चलो अब अगले कई दिनों का मसाला मिला॥ न्यूज़ का न्यूज़ और सनसनी अलग से। इसे भावना की चाशनी में मिला कर जब तक चाहो परोसते रहो।


मित्र 3 (27 नवंबर की रात को टीवी देखते हुए) - मुंबई का ELITE CLASS इन हमलों से क्यों दुखी है/क्यों गु्स्से में है? ॥ दरअसल जब-जब शहर में बाढ़ आई तो इन्होंने 5-स्टार होटलों का रूख किया ; जब-जब बिजली गुल हुई तो ये 5-स्टार होटलों की ओर भागे ; जब शहर में दंगे हुए तो इन्हें 5-स्टार होटलों ने बचाया। अबकी तो 5-स्टार होटलों पर ही हमला हो गया तो इन्हें कौन बचाएगा। अब तो इन्हें विदेश में ही बसना पड़ेगा, पर वहां इन्हें पूछेगा कौन?


मैं अपने तीसरे मित्र की बात से पूरी तरह इत्तेफाक नहीं रखता हूं फिर भी मुझे लगता है कि इन तीनों प्रतिक्रियाओं में दम है, गुस्सा है, क्षोभ है इस देश की जनता का। क्या ये पहली बार नहीं है कि आतंकी हमले हो गए और कहीं भी हिंदू-मुस्लिम दंगों की खबर नहीं है या उसकी बात नहीं हो रही है?

इस बार के हमले अलग हैं.. ये अलग हैं उन तमाम बम विस्फोटों से जो अब तक होते आए हैं। इसके सबसे निकट शायद भारतीय संसद पर हमला या 11 सितंबर को वर्ल्ड ट्रेड टावर को उड़ाने की घटनाएं आती हैं। बात ये नहीं है कि 200 से ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी॥बात ये है कि इस बार का हमला आतंक के सबसे विकराल रूप को लेकर आया है.. इस बार के सारे आतंकवादी बिल्कुल मिलिट्री कमांडोज़ की तरह ट्रेंड थे। अपने आत्मघाती अभियान में अधिकतम क्षति का लक्ष्य लेकर तो चले ही थे लेकिन साथ-साथ उन्हें ये भी पता था कि भारतीय कंमाडोज़ के साथ होने वाली लड़ाई में SURVIVE कैसे करना है। कैसे इसे लंबा खींचना है.. मीडिया का कैसे उपयोग करना है।

ये मॉडल कुछ सालों पहले तक बेरूत में होने वाले आतंकी हमलों की याद दिलाता है, जहां इसी तरह रात को सरेआम लोगों पर गोलियां बरसने लगती थीं और किसी बहुत ही महत्वपूर्ण इमारत को पहले बंधक और बाद में उड़ाने की कोशिश की जाती थी।


संकेत साफ हैं कि अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद संगठित हो रहा है/हो चुका है और बैनर तो एक ही है-

अल-कायदा का। अब उसके तले हम और आप चाहे जितने नाम देते रहें, लश्कर-ए-तय्यबा कहें या हरकत-उल-जिहाद(हूजी)। उद्देश्य सबके एक ही हैं - अंधेरा कायम रहे, आतंकवाद जारी रहे


बहरहाल इस घटना पर मैं कैसे रिएक्ट करूं ये पता नहीं है। मुझे खुद नहीं मालूम कि क्या भरा
पड़ा है मेरे भीतर - गुस्सा, क्षोभ, निराशा, नाराजगी, राजनीतिक तंत्र को फांसी पर लटका दो टाइप के जज्बात। पता नहीं है और अभिव्यक्त भी नहीं कर पा रहा हूं।


जब 26 नवंबर को आतंकवादी हमले की खबर आई, मैं दफ्तर से घर निकलने की तैयारी में था। ज़ी न्यूज़ और दूसरे चैनल इसे दिखाने लगे लेकिन किसी को पता नहीं था कि क्या हुआ/क्या हो रहा है? गैंगवार, बम विस्फोट से लेकर हर तरह की संभावनाएं न्यूज़ चैनल्स तलाश रहे थे। घर पहुंच कर पता चला कि ये आतंकवादी हमला है। थोड़े से अंतराल में 10 जगहों पर हमले हुए।


तब से तीन दिन टीवी पर ये तमाशा देखा.. तमाशा इसलिए क्योंकि हमारे टीवी चैनल्स के लिए लाइव टीवी या रियल्टी टीवी का ये बढिया मौका था और हर चैनल ने इसे जम कर भुनाया। भारत पर हुए हमले को हमारे चैनलों ने एक तमाशे में बदलने की भरपूर कोशिशें की .. जिस रिपोर्टर के मन में जो भी आता, वही बात वो दुहराता और सनसनी की चाशनी में डुबोने की कोशिश करता।


जब तक चैनल्स को ये बात सूझती कि उनका उपयोग किया जा रहा है, तब तक तो देर हो चुकी थी। आतंकियों के सरगना टीवी देख कर अपने गु्र्गों को उनके खिलाफ ली जा रही पोजीशन्स बताते रहे और शायद इसीलिए तीन घंटे की लड़ाई तीन दिन तक चली।

बात सनसनीखेज थी भी। हमने/आजाद भारत ने कभी नहीं देखा था ऐसा हमला। ये केवल मुंबई पर हमला नहीं था.. ये भारत पर हमला था, भारत की संप्रभुता पर हमला था।

इस बात को बीते हुए भी 3 दिन हो चुके हैं, चौथा दिन होने वाला है। लेकिन अभी तक क्षुब्ध हूं। किस से, किस पर ? पता नहीं .. शायद खुद पर/सरकार पर/राजनीतिक तंत्र पर .. पता नहीं है कि किस पर भरोसा किया जाय। क्षुब्धता के इसी दौर में सोमवार को दफ्तर जाने की इच्छा नहीं हुई .. छुट्टी ले ली। मन में एक भय है, आक्रोश है..

जब हमले हुए थे तो मेरी पहली प्रतिक्रिया थी कि इस देश के राजनीतिज्ञों ने हमारे खुफिया तंत्र को निकम्मा बना दिया है/राजनीति की चाशनी में डुबा दिया है। ऐसे में, किस से क्या उम्मीद की जाय? जिसकी जब इच्छा होगी, वो उस वक्त आएगा और हम पर हमला कर के चला जाएगा।


मन में भारी ऊहापोह है। जब अमिताभ बच्चन लिखते हैं कि उन्हें भरा हुआ .32 लाइसेंसी रिवॉल्वर सिरहाने रख कर सोने के बाद भी ढंग की नींद नहीं आई तो इसमें सच्चाई दिखती है। असुरक्षा की भावना इतनी सघन है।


लेकिन इसका जबाव क्या है?

अभी तो नहीं पता..

Monday, October 6, 2008

ब्लॉग की दुनिया में पुनरागमन


लगभग छह महीने पहले लिखा था मैंने आखिरी बार.. चिट्ठों की दुनिया में ही नहीं, अपनी लेखनी की दुनिया में भी। ब्लॉग की दुनिया में एक-दूसरे पर कीचड़ उछाले जाने का एक नया दौर चल रहा था और मन क्षुब्ध था कि अभिव्यक्ति का ये नया माध्यम भी उसी बीमारी का शिकार हो गया जो हमारे जीवन के हर आयाम में है। इसके बाद मैंने निर्णय किया कि बस अब बहुत हुआ, ब्लॉग को टा-टा करने का समय शायद आ गया।

बात शायद यहीं खत्म हो जानी चाहिए थी... लेकिन ऐसा नहीं हुआ। छह महीने होने जा रहे हैं इन बातों को। ब्लॉग से मैंने नाता क्या तोड़ा, लिखना भी बंद हो गया। पढ़ना तो धीरे-धीरे कम होता ही जा रहा था (अखबारों और कुछ ऑल टाइम फेवरिट किताबों के अलावा इन दिनों कुछ भी नहीं पढ़ा).. अब लेखनी भी बंद हो गई।

वजहों की तलाश करें तो कमी नहीं होगी। वो कहते हैं न कि अपने-आप को जस्टीफाइ करने के लिए आदमी तर्क ढूंढ ही लेता है। ..तो तर्कों की कमी नहीं है। मसलन ये छह महीने दफ्तरी कामों के लिहाज से अब तक के सबसे व्यस्त दिनों में रहे .. ये भी कि कॅरियर को लेकर ऊहापोह भरे दिन थे और कुछ नहीं समझ में आता था कि आगे की रूप-रेखा क्या होगी (ये बात और है कि रूप-रेखा का अभी भी पता नहीं है)... ।

शायद अपने-आप से भी मुंह चुराने की भी कोशिश कर रहा था। क्यों? ..क्योंकि अपनी अकर्मण्यता पर गुस्सा बहुत आता था। लिखने को बहुत सारे विषय दिखते थे .. मसलन मेरा पसंदीदा पेट्रोलियम सेक्टर से जुड़े विषय, महंगाई और इसके आयाम, अपने प्रदेश में आई महाप्रलय, बम विस्फोट....... यानि लिखने के लिए विषय की कमी नहीं है.. पहले भी नहीं थी और अभी भी नहीं है। लेकिन जब लिखने बैठता तो 8-10 लाइनों के बाद उंगलियां दर्द करने लगतीं, सिर भारी होने लगता और फिर वो ही आलस सिर चढ़ कर बोलने लगता। छुट्टी के दिन तो बस और बस बिस्तर पर लेटे-लेटे टीवी देखने में ही बीते।

तो उंगलियां दर्द करतीं और फिर मैं उंगलियां चटकाता और लेखनी की हो जाती छुट्टी.. उन दिनों एक सवाल बार-बार मन में कौंधता रहता कि क्या हम सब कलम के बजाय टाइपराइटर के (या यूं कहें कि कंप्यूटर के की-बोर्ड) के सिपाही हो कर रह गए हैं। कलम उठाने पर मेरी (या हमारी?) उंगलियां क्यों दर्द करती हैं ..जबकि हम तो पत्रकार हैं। या कहीं ऐसा तो नहीं कि टीवी वाली मुफ्तखोरी की आदत लग गई कि स्साला.. नोट्स लेने की जरूरत क्या है ..मोटी-मोटी बातें लिख डालो और कैमरे के पीछे खड़े होकर महत्वपूर्ण बाइट्स की काउंटर नोट करते रहो और ऑफिस में स्टोरी की एडिटिंग के दौरान उसको लगा दो। किस्सा खत्म। नोट्स लेने की जरूरत क्या है, यहां तो इतने सोर्स हैं खबरों के। खैर, तो लगता है कि विषयांतर हो गया। हां, तो मैं कह रहा था कि उन दिनों अक्सर मैं अपने-आप से सवाल पूछता कि क्या हम सब कलम के बजाय टाइपराइटर या की-बोर्ड के सिपाही हो गए हैं?

इस सवाल का जबाव तो मेरे पास नहीं है ..लेकिन मन बार-बार यही कहता है कि हम-सब की-बोर्ड के ही सिपाही हो कर रह गए हैं। लेकिन इस पर विस्तृत बात फिर कभी। अभी तो बात ब्लॉग की दुनिया में वापसी की ही।

पिता अक्सर पूछते रहते हैं फोन पर कि इन दिनों क्या लिखा-पढ़ा? फ्रेंड-फिलॉस्फर-गाइड की भूमिका निभाने वाले पिता से झूठ बोलने की हिम्मत नहीं होती है और इसलिए उनके सवाल को हां-हूं करके टालने की ही कोशिश करता रहा हूं। लेकिन अपने-आप से इस सवाल को कैसे दूर किया जाय।

इसका शायद सबसे बेहतर उत्तर यही है कि वापस अपनी उसी दुनिया में लौटा जाय जिसे मैं सबसे ज्यादा जानता हूं। अगर अनजाने का संधान ही करना हो तो जाने को त्याग कर नहीं, उसके साथ बरकरार रह कर। इसलिए फिर लौट रहा हूं अपनी उसी दुनिया में। लिखने-पढ़ने की दुनिया.. जिसे मैं सबसे ज्यादा जानता हूं।

और ब्लॉग तो बस एक माध्यम है .. अभिव्यक्ति का ..जहां खुद को छपवाने के लिए आपको प्रकाशकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। ये बात और है कि गिने-चुने ही लोग आपको प्रतिक्रिया देते हैं और इनकी प्रतिक्रियाएं इस पूरे तंत्र पर दिखता है। अग्रज सारथी शास्त्रीजी का घोषित लक्ष्य है कि हिंदी में 50 हजार चिट्ठाकार हों और वो भी एक नियत समय के भीतर (ब्लॉग की दुनिया से दूर रहने के चलते ये याद नहीं है कि संख्या 50 हजार है या 10 हजार और समयसीमा क्या है)। इस मंशा पर मुझे कोई शक नहीं है लेकिन भीड़ जुटाने से मुझे कोई फायदा नहीं नजर आता अगर उसका कोई सृजन में योगदान न हो।

लगता है फिर विषय से भटक गया मैं। पिताजी की बात याद आती है जो शायद उपेन्द्रनाथ अश्क को उद्धृत करके कहते थे कि उनके साहित्यकार बनने में बड़ी भूमिका रही उनके अपने विचारों को नोट करने के आदत की.. जो भी बात दिमाग में आए उसे कहीं लिख डालो, भले ही उसका कोई उपयोग नहीं हो। आज सोचने में पिताजी की ये बात बड़ी अच्छी लगती है लेकिन नोट्स लेने की आदत शायद पढ़ाई के साथ ही खत्म हो गई।

खैर इन सब पर बातचीत फिर कभी। अभी तो अपनी दुनिया में वापस आने का जश्न मनाने का समय है। इसलिए ये बात यहीं तक। प्रयास यही रहेगा कि अब नियमित रूप से कुछ-न-कुछ बाहर आता रहे और तकनीक के इस रूप का ज्यादा-से-ज्यादा लाभ उठाया जा सके।

एक चिनगारी कही से ढूँढ लाओ दोस्तों,
इस दिए में तेल से भीगी हुई बाती तो है।

एक खंडहर के हृदय-सी, एक जंगली फूल-सी,
आदमी की पीर गूंगी ही सही, गाती तो है।

एक चादर साँझ ने सारे नगर पर डाल दी,
यह अंधेरे की सड़क उस भोर तक जाती तो है।
-दुष्यन्त कुमार

Saturday, April 12, 2008

ब्लॉग स्पेस की गंदगी और जातिवाद

अजब हालत है इन दिनों हिंदी ब्लॉग स्पेस की। कुछेक ब्लॉग्स पर एनॉनिमिटी की आड़ लेकर व्यक्तिगत चरित्रहनन की हर संभव कोशिश हो रही है। मतैक्य नहीं हो.. ये तो ठीक है लेकिन विचारों पर आपत्ति के बजाय व्यक्ति पर हमला किया जाय.. इससे मैं तो सहमत नहीं हूं। क्या हम इतने असहिष्णु हो गए हैं या होते जा रहे हैं कि एक-दूसरे की बात भी न सुनें...विचार का सम्मान मत करिए लेकिन लोगों को अपने विचार रखने का मौका तो दीजिए। दिक्कत यही है कि इसी तर्क की आड़ लेकर विचारों के बहाने एक-दूसरे पर कीचड़ उछाला जा रहा है।

एनॉनिमिटी से मुझे आपत्ति नहीं है लेकिन आपत्ति चरित्रहनन के प्रयासों पर है। अपने को गुमनाम रखने का हर आदमी को हक है, ये भी हक है कि लोकतंत्र में बिना अपने को प्रकट किए अपनी बात रखे। लेकिन इसे अगर निजी जिंदगी या किसी के चरित्र से जोड़ दिया जाए तो मुझे आपत्ति है। विचारों की असहमति का स्वागत है... आखिर पांचों उंगलियां एक जैसी नहीं होती, लेकिन पांचों अगर आपस में ही लड़ने लगे तो हो गया कल्याण हाथ का। कुछ भी करने के लायक नहीं बचेंगे हम। और फिर इतने पढ़े-लिखे होने का कोई फायदा नहीं है (नहीं पढ़े-लिखे होते तो संचार के इस आधुनिकतम माध्यम यानी ब्लॉग का उपयोग तो नहीं ही कर रहे होते ; इक्के-दुक्के अपवाद हो सकते हैं, सब नहीं) ।

एक असंवेदनशील समाज की ओर हम सब बढ़ रहे हैं, जिसमें अपनापन बिल्कुल भी नहीं है, दूसरे की बात सुनने का धैर्य नहीं है.. केवल, और केवल अपनी बात हम सब सुनना-सुनाना चाहते हैं। अपनी बात और दूसरे की जोरू आजकल शायद हम सबको सबसे प्यारी लगने लगी है। और इससे मैं चिंतित भी हूं, परेशान भी।

मुहल्ले ने एक अच्छी बहस करने की कोशिश की थी भारतीय जाति व्यवस्था पर रवीश के लेख के बहाने। लेकिन बहस का रूख अतिवाद की ओर चला गया। मोहल्ले के विरोधियों ने इस बहाने अविनाश और इस मत के लोगों पर हमले शुरू किए तो मोहल्ले ने अपनी गलियों में बहस को कुछ ऐसे मोड़ दिया मानो इस बहाने वो देश से जाति खत्म करके ही रूकेंगे।

सवर्ण होने के बावजूद जातिवाद का मैं समर्थक नहीं हूं और मानता हूं कि भारत के इतिहास में (अगर इसे 5-10 हजार साल पुराना मानें या दो-ढ़ाई हजार साल पुराना) आदमी द्वारा अपने ही जैसे आदमी के खिलाफ रचा गया अब तक का सबसे बड़ा सबसे बड़ा षड्यंत्र था। दिक्कत ये है कि हम अब तक इससे उबर नहीं पाए हैं।

लेकिन मेरे जैसे कई लोग होंगे जिन्हें फिर भी आशा की किरण दिखती है। समाज सुधार के आंदोलनों के चलते आज ये पिछड़ा वर्ग (जिन्हें ब्राह्मणों ने शूद्र करार दिया और हम दलित कहते हैं) अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है। आजादी के पहले 40-42 सालों में हो सकता है कि ये इतना मुखर न रहा हो, लेकिन पिछले 18 सालों में तो क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं(अगर हम पहले के सालों को पैमाना मानें तो)। हो सकता है कि जितनी बदलाव की अपेक्षा कुछ लोगों ने की हो, वो बदलाव उस हद तक न हुआ हो... लेकिन क्या कुछ भी नहीं बदला है ?

मीडिया में जाति का जो सर्वे जितेंद्रजी, चमड़ियाजी और योगेंद्रजी ने किया वो अपने आप में अद्भुत है और ऐसे कई सर्वे की हमें जरूरत है। हमें सच में ऐसे सर्वे चाहिए जो बता सके कि फलानी जगह, फलाने सेक्टर में किस जाति के कितने लोग हैं। तभी एक सही तस्वीर सामने आ सकेगी और सवर्णों को वर्चस्व भी घटेगा। लेकिन इसके साथ ही ये भी सच है कि भले एक मुट्ठी ही सही लेकिन क्या इतने भी दलित, इतने भी ओबीसी मंडल कमीशन लागू होने से पहले मीडिया में थे ? मुझे लगता है कि जबाव ‘नहीं’ में होगा। इसी तरह क्या जितने पिछड़े वर्ग के लोग आज सरकारी नौकरी में हैं, क्या 1990 में (प्रतिशत के हिसाब से) इतने लोग थे सरकारी नौकरी में ? एक बार फिर मुझे ‘नहीं’ में ही उत्तर दिखता है। तो वजह हम भी जानते हैं कि सवर्णों (ब्राह्मणों) के वर्चस्व के चलते मंडल कमीशन से पहले इस दिशा में इतनी गंभीरता से सोचा ही नहीं गया।

दलितों को आरक्षण तो संविधान लागू होने के समय से ही मिल रहा है लेकिन आंकड़े उठा कर देख लीजिए... 1990 तक किसी भी साल उनके लिए आरक्षित सीटें आपको पूरी तरह भरी नहीं मिलेगी। सवर्णों या यूं कहें कि सदियों पहले ब्राह्मणों ने ऐसा मजबूत जाल बुना था जातिवाद का जो हम आज तक पूरी तरह नहीं काट पाए हैं।

लेकिन ये कहना भी गलत होगा कि ये पूरी तरह अक्षुण्ण है। बल्कि थोड़ा-बहुत टूटने के चलते ही आकांक्षाएं औऱ भी बढ़ गयी हैं और विरोध और भी प्रबल होता जा रहा है। इसका स्वागत किया जाना चाहिए। और लोग न भी करें, मैं तो स्वागत करता हूं.. ये भी कोशिश करता हूं कि इस जाल का जितना टुकड़ा तोड़ सकूं वो तोड़ता रहूं। अब लोग चाहे जितना गरियायें। भाई, जब बरगद टूटने लगेगा तो कईयों का आसरा, कईयों की जिंदगी छिन ही जाएगी, कईयों की मठाधीशी तो खतरे में पड़ेगी ही।

---------------

और अंत में

वैसे अविनाशजी का मीडिया प्रेमं मुझे हमेशा से चकित करता रहा है। न जाने क्यों वो हर बात को घुमा-फिरा कर मीडिया पर ही ले आते हैं। ये बात और है कि उनके इतने प्रयासों के बाद (अगर हम इसे प्रयास मानें तो) भी परिदृश्य अब तक वैसे का वैसा ही है। ना तो उनके चैनल में कहीं कुछ बदला है और न ही किसी दूसरे चैनल या अखबार में। हां, हमलोगों ने गलथोथी खूब की है, खूब स्यापा किया है। शायद ये मोहल्ले की ही मेहरबानी है कि हिंदी ब्लॉग स्पेस में इस पर लिखने वाले और इससे जुड़े ब्लॉग्स की भरमार हो गयी है और आम जिंदगी के, समाज के कई मुद्दे पीछे छूट गए हैं।

Monday, March 17, 2008

पिता की चिता जलाते हुए

दिनेश कुशवाहजी की ये कविता है जो हंस के अप्रैल 2000 के अंक में पढ़ी थी। कई बार चाहा कि उनसे संपर्क करूं और केवल इसी कविता के लिए उनको सराहूं। लेकिन मैं ऐसा कर नहीं पाया और इसकी वजह सिर्फ मेरा आलसी होना रहा है। आज भी मैं उनको इसी कविता से जानता हूं और बिना उनकी इजाजत के इसे यहां डाल रहा हूं। दरअसल अविनाशजी के दिल्ली-दरभंगा से जाना कि रवीशजी के पिताजी नहीं रहे। उन्हें मेरी श्रद्धांजली, रवीशजी और परिवारजनों के लिए मेरी संवेदनाएं। इसी घटना ने मन के कोल्ड स्टोरेज में सहेजी इस कविता की याद दिला दी। और जब ये कविता याद आयी तो बहुत याद आयी। पुरानी फाइलों में से इसे ढूंढ़ कर आज इसे कई बार मैंने पढ़ा॥ खूब पढ़ा। लगा कि सबके साथ इसे बांटना चाहिए, तो इसलिए इसे यहां डाल रहा हूं ताकि अच्छी कविता की महक सब महसूस कर सकें।


पिता की चिता जलाते हुए

कुछ बातें अक्सर कहते थे पिता..

भादों की किसी विकट काली रात में
जब छप्पन कोटि बरसते हों देव
अपने निकट बहने वाली नदी को
उसकी समग्र भयावहता में देखो
और कल्पना करो कि
यमुना को कैसे पार किया होगा वसुदेव ने
एक नवजात बच्चे के साथ !
तुम्हें लेकर जीवन की वैतरणी को
कुछ इसी तरह पार किया है मैंने

अघाए हुए और रिरिआते आदमी की
हंसी में फर्क करना सीखो
अभागा आदमी का बच्चा
जन्मते ही रोना शुरू करता है
जिंदगानी की कहानी उसी समय शुरू हो जाती है
फटी धोती, टूटी झोपड़ी, डंसी देह और कुचली आत्मा ने
गरीब को एक अदद अधम शरीर बना दिया
पंचतत्व तो आज भी अमीरों की चाकरी में लगे हैं।

इसलिए जनता को शास्त्र नहीं / कविता से शिक्षित करो
साधुता को श्रम से जोड़ो / भिक्षा से मुक्त करो
साधुता वहां बसती है / जहां जूता गांठते हैं रैदास
चादर बुनते हैं कबीर ।

बतरस के तो रसिया थे पिता
कोई नहीं मिलता तो / बैलों से ही बोलते-बतियाते
इधर कुछ दिनों से उसी पिता को
देख कर आश्चर्य होता था मुझे
कि दुनिया में आदमी / कैसे रहता है इतना चुपचाप !

विश्वास नहीं होता कि बप्पा सपना हो गए

उन्हें देख कर लगता था कभी
कि गांव-जवार, खेत-खलिहान
इसलिए जवान हैं कि पिता जवान हैं
कुएं का पानी सूख जाएगा
पर पिता की जवानी नहीं खत्म होगी
लेकिन औचक्क चले गए पिता..

पिता के पास एक पुश्तैनी कोट था
जब जंगल और मैदान जाड़े से कांपने लगते
पिता उसे पहन कर आगी तापते थे
गांव से सटकर बहती सरयू के किनारे
कभी आग के फूल की तरह खिले थे पिता
और आज वहीं आग की नदी में नहा रहे थे ।

सबसे पहले पिता के दोनों पांव
जलते हुए झूल गए / जैसे उतान लेटे हुए पिता ने
टांगें बटोर ली हों और कह रहे हों
अब नहीं चल पाऊंगा तुम्हारे साथ ।

लपटों के बीच लाल अंगार पिता
और अस्त होते सूर्य का रंग / एक जैसा दिख रहा था
बस नहीं दिख रहीं थीं तो उनकी आंखें
जिनके तनिक लाल होते ही
हम भाई-बहनों की कंपकपी छूट जाती थी

पचास पार करते ही पिता की वही आंखें
हर भावुक प्रसंग पर डबडबा जाती थीं,

चिरायंध गंध में सना / चिट-चिट का चरचराता शोर
मन में मचे कोहराम में डूब गया था ।

पिता ने जीवन भर चलाया था मन भर का हथौड़ा
लोहे को देते रहे तरह-तरह की शक्ल
पर अब बीड़ी के जले ठूंठ ही उनकी याद दिलाएंगे
कि धौंकनी-सी थी उनकी छाती / थाली में रखा चुटकी भर नमक
और एक हरी मिर्च थी उनकी आंखें ।

भुलाए नहीं भूलेंगे उनके जीवन के दुख
जलते रहेंगे मेरे भीतर दीए की टेम की तरह
भर-भर आएगा मेरा मन जैसे
नाभि में अनायास भरती है कपास
जब भी सूखेंगे मेरे होंठ
पिता के पपड़ाए खेत याद आएंगे ।

- दिनेश कुशवाह

Sunday, November 4, 2007

ब्लोग के नखरे

ये ब्लोग भी अजीब चीज है। सुधारने बैठा जेएनयू वाले अपने पुराने पोस्ट को तो सारा का सारा फिर से पोस्ट हो गया। वह भी बस इसलिए कि कहीं किसी के ब्लोग पर ही पढा कि भाई जब किसी की चर्चा करें तो उससे जुडे हुए लिंक्स देने मे कंजूसी ना करे। वो ही लिंक्स लागने बैठे तो सारा फिर से पोस्ट हो गया। खैर कोई बात नहीं आगे से इसका भी ध्यान रखूंगा। बहरहाल, अब मंहगाई पर रिसर्च कर रह हूँ। अगली पोस्ट शायद वो ही होगी।

तब तक के लिए विदा होता हूँ।

धन्यवाद